मेदिनीनगर/पलामू:
पलामू पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया है। मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के टीओपी-01, टीओपी-02 और टीओपी-03 के प्रभारियों को लाइन क्लोज कर दिया गया है। साथ ही अब तीनों टीओपी में रोटेशन के आधार पर नई पोस्टिंग की व्यवस्था लागू की गई है।

टीओपी प्रभारियों की पोस्टिंग में रोटेशन पॉलिसी
नई व्यवस्था के तहत अब टाउन थाना प्रभारी प्रत्येक 15 दिनों के अंतराल पर तीनों टीओपी प्रभारियों की पोस्टिंग रोटेशन के आधार पर करेंगे। यानी कोई भी अधिकारी लंबे समय तक एक ही टीओपी में पदस्थापित नहीं रहेगा। पुलिस विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से कार्य में निष्पक्षता बढ़ेगी, जवाबदेही सुनिश्चित होगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में और अधिक मजबूती मिलेगी।

टीओपी स्तर पर निगरानी बढ़ने की संभावना
पुलिस अधीक्षक के इस फैसले को मेदिनीनगर में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि रोटेशन व्यवस्था लागू होने से टीओपी स्तर पर निगरानी बढ़ेगी और आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान में भी सहायता मिलेगी।